समीक्षा बैठक में डीएम सख्त: 30 सीएचओ का वेतन रोका, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई

देवरिया|10 घंटे पहले
30 सीएचओ का वेतन रोका, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई

स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में डीएम ने सख्त रुख अपनाया। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पोर्टल पर 30 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अनुपस्थित पाए गए। जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के अंतर्गत आयोजित होने वाले सत्रों की समीक्षा की। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित स्वास्थ्य सत्रों का आयोजन किया जाए। आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम, आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल देते हुए संयुक्त बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष फोकस

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित होम विजिट करने और गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं तथा आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता और निगरानी बढ़ाना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

स्वास्थ्य केंद्रों की समस्याओं के समाधान के निर्देश

बैठक के दौरान ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम) के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उनके कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर जलभराव, खराब संपर्क मार्ग और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने की दी हिदायत

उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक में पूर्ण तैयारी और अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित होने की हिदायत दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, सीएमएस डॉ. के. मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदिश मिश्रा समेत स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।