निर्माण कार्यों में ढिलाई पर डीएम सख्त: दो प्रमुख परियोजनाओं का किया औचक निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

जनपद में निर्माणाधीन महत्वपूर्ण सरकारी परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को दो बड़े निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए पूरी की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी सबसे पहले परसिया मिश्र स्थित निर्माणाधीन जीएसटी कार्यालय एवं आवासीय भवन परियोजना पहुंचे। लगभग 20.09 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस परियोजना में 8.58 करोड़ रुपये कार्यालय भवन तथा 11.51 करोड़ रुपये आवासीय परिसर के निर्माण पर खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाना है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अपेक्षित गति न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मॉडल कंपोजिट विद्यालय परियोजना की भी समीक्षा
इसके बाद जिलाधिकारी मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, डुमवलिया की निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचे। करीब 24.78 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। डीएम ने निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय भवन के निर्माण में किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
परियोजनाओं की होगी नियमित निगरानी
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में चल रही सभी विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीएनडीएस और सीडको के अभियंता, डीएसटीओ अंगद यादव, एडीएसटीओ आनंद चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









