सांड़ के हमले में किसान की मौत: सड़क जाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, प्रशासन के आश्वासन के बाद भी प्रदर्शन जारी

रुद्रपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में बुधवार सुबह आवारा सांड़ के हमले में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने रुद्रपुर-पिंडरा मार्ग जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने तथा क्षेत्र में बढ़ती छुट्टा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, पिंडरा गांव निवासी तेज बहादुर साहनी (55) बुधवार सुबह करीब छह बजे अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुख्य सड़क पर घूम रहे एक आवारा सांड़ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। लेकिन सांड़ के हमले से लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
आवारा पशुओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से आवारा पशुओं का आतंक बना हुआ है। सांड़ और अन्य छुट्टा पशु अक्सर सड़कों और खेतों में घूमते रहते हैं। जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की गई होती तो तेज बहादुर साहनी की जान बच सकती थी।
सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना से नाराज ग्रामीणों ने रुद्रपुर-पिंडरा मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, समझाने का प्रयास
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराने और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारी मृतक के परिजनों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता और सीनियर अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। प्रशासन का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









