देवरिया में निकाह से पहले दूल्हा अरेस्ट: युवती ने रेप का लगाया आरोप, सात साल से था प्रेम प्रसंग

खुखुंदू थानाक्षेत्र में एक निकाह समारोह उस समय सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जब बारात निकलने से ठीक पहले पुलिस ने दूल्हे को रेप के आरोप में अरेस्ट कर लिया है। घर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार जुट चुके थे। दूल्हा सजने की तैयारी में था। इसी बीच पुलिस टीम गांव पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शादी समारोह अचानक मातम जैसे माहौल में बदल गया। पुलिस का कहना है कि युवक के खिलाफ गांव की ही एक युवती ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की गई।
आरोपी युवक जीशान खान सऊदी अरब में कारपेंटर का काम करता है और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव लौटा था। 19 मई को उसकी बारात बिहार के रानी पट्टी जानी थी। आरोप लगाने वाली 25 वर्षीय युवती का कहना है कि उसका और जीशान का पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान युवक लगातार शादी का भरोसा देता रहा। उसी विश्वास के आधार पर उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले जब जीशान रोजगार के लिए सऊदी अरब गया, तब भी वह लगातार फोन पर संपर्क में रहा और शादी का आश्वासन देता रहा।
विदेश से लौटने पर खुला निकाह का राज
पीड़िता के अनुसार युवक ने अपने परिवार द्वारा तय किए गए निकाह की जानकारी उससे छिपाकर रखी। 13 मई को जब जीशान गांव लौटा तो उसने उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन युवक ने मिलने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती को जानकारी मिली कि उसका निकाह किसी दूसरी लड़की से तय हो चुका है। इस बात से आहत होकर युवती ने पुलिस से शिकायत की और शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
बारात से पहले पहुंची पुलिस
मंगलवार दोपहर घर में बारात निकलने की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। रिश्तेदार और मेहमान समारोह की तैयारियों में जुटे थे। इसी दौरान पुलिस टीम गांव पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। परिवार के लोगों ने जब कारण पूछा, तब पुलिस ने मुकदमे की जानकारी दी। गांव वालों के मुताबिक जीशान तीन भाइयों में मंझला है। उसका बड़ा भाई भी विदेश में नौकरी करता है, जबकि परिवार खेती-बाड़ी से जुड़ा हुआ है।
मेडिकल जांच के बाद जेल भेजा गया
खुखुंदू थाना प्रभारी जेपी सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान और डिजिटल साक्ष्यों को भी चेक किया जाएगा। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। लोग पूरे मामले को लेकर हैरानी जता रहे हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








