देवरिया में कांवड़ियों की बस रोककर की मारपीट: गुटखा थूकने के विवाद में हुआ हंगामा, सभी आरोपी फरार

देवरिया|1 घंटा पहले
गुटखा थूकने के विवाद में हुआ हंगामा, सभी आरोपी फरार

परसिया भंडारी गांव के पास बुधवार को कांवड़ यात्रा के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। कांवड़ियों से भरी एक निजी बस को बाइक सवार युवकों ने रोक लिया। गुटखा थूकने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित युवक फरार हो चुके थे। पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, खुखुंदू क्षेत्र के कांवड़ियों को लेकर एक निजी बस बाबा बैद्यनाथ धाम जा रही थी। रास्ते में परसिया भंडारी गांव के पास दो बाइक सवार युवकों ने बस को रुकवा लिया। युवकों का आरोप था कि बस में सवार एक कांवड़िए ने खिड़की से गुटखा थूका, जिसकी छींटे उन पर पड़ गईं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

ग्रामीणों ने की मारपीट

जानकारी के अनुसार, विवाद की सूचना मिलते ही गांव के कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इनमें से कुछ लोगों ने बस में सवार कांवड़ियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद कांवड़ियों ने पुलिस कंट्रोल रूम और क्षेत्राधिकारी सदर को सूचना देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुछ समय के लिए मौके पर तनाव का माहौल बना रहा।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित युवक वहां से निकल चुके थे। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों को कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को शांत कराया।

मामले की जांच कर रही पुलिस

सीओ सदर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर भेजी गई थी। फिलहाल घटना में शामिल लोगों की पहचान कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।