बीमार बेटे को ठीक करने के नाम पर रेप: तंत्र-मंत्र और झांसा देकर महिला से की दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार

बनकटा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास की आड़ में महिला से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीमार बेटे के इलाज की उम्मीद लेकर एक ओझा के पास पहुंची महिला को आरोपी ने झूठे धार्मिक और तांत्रिक दावों के जाल में फंसाकर उसका शोषण किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बनकटा क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला अपने बीमार पुत्र के इलाज को लेकर परेशान थी। इसी दौरान किसी के कहने पर वह स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र करने वाले एक ओझा के संपर्क में पहुंची। आरोप है कि ओझा ने महिला को विश्वास दिलाया कि उसके बेटे की बीमारी सामान्य नहीं है। विशेष अनुष्ठान के माध्यम से ही उसे ठीक किया जा सकता है। इसी दौरान उसने महिला को गुमराह किया कि उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने से पुत्र की बीमारी दूर हो जाएगी।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
महिला आरोपित के झांसे में आ गई और उसके साथ रेप की घटना हुई। बाद में जब उसे अपने साथ हुई ठगी और शोषण का एहसास हुआ तो उसने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया। आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जांच जारी, कानूनी कार्रवाई तेज
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही पीड़िता को आवश्यक कानूनी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









