देवरिया में पुरानी रंजिश ने ली युवक की जान: कहासुनी के बाद कुदाल से किया हमला, हिरासत में चार आरोपी

सुरौली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले में घायल युवक ने पांच दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर केस दर्ज किया है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस के अनुसार पैकौली टोला बगही गांव निवासी प्रेम निषाद बुधवार की शाम बाइक से जा रहा था। आरोप है कि अगया गांव के पास सड़क किनारे मूंगफली की कोड़ाई कर रहे कुछ युवकों से पुरानी रंजिश को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने प्रेम निषाद के सिर पर कुदाल से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
प्रेम निषाद को पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां पांच दिन तक इलाज चला। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ पीजीआई भेजने की सलाह दी, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। प्रेम निषाद नागपुर में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। चार वर्ष पहले उनकी शादी रंजू देवी से हुई थी। उनके परिवार में छह माह का बेटा, चार भाई और दो बहनें हैं।
हत्या का केस दर्ज
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अगया गांव निवासी धनंजय राजभर, मृत्युंजय राजभर, सूरज राजभर और मुरली राजभर के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










