देवरिया में समीक्षा बैठक से अफसर गायब: धीमे विकास कार्यों पर सख्त हुए डीएम, प्रधानाचार्य का वेतन रोकने के दिए निर्देश

देवरिया|
धीमे विकास कार्यों पर सख्त हुए डीएम, प्रधानाचार्य का वेतन रोकने के दिए निर्देश

जिले में विकास और सरकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम मधुसूदन हुल्गी ने स्वच्छता, पौधरोपण, वन एवं पर्यावरण, विकास कार्य, पशुपालन और आईजीआरएस की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में अनुपस्थित जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से जवाब मांगा गया। वहीं, आईटीआई के प्रधानाचार्य का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। बैतालपुर के जिला समन्वयक का भी एक दिन का वेतन रोकने को कहा गया।

समीक्षा के दौरान डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सफाई से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए। जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को पौधरोपण की जियो-टैगिंग एक सप्ताह के भीतर पूरी करने को कहा। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धीमे काम पर मांगा जवाब

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्माण परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने को कहा। जिन कार्यों की गति धीमी है, उनमें तेजी लाने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। बैतालपुर विकासखंड में काम की धीमी प्रगति पर खंड विकास अधिकारी से जवाब मांगा गया। पंचायत भवन निर्माण में लापरवाही सामने आने पर एडीओ पंचायत बैतालपुर के खिलाफ खराब प्रदर्शन दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर जोर

बैतालपुर के जिला समन्वयक का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश के साथ डीएम ने सभी एडीओ पंचायत को सीएससी की धनराशि जमा नहीं होने की स्थिति में संबंधित पंचायत सहायकों के वेतन से उसकी वसूली कराने को कहा। आईजीआरएस की समीक्षा में उन्होंने लंबित शिकायतों और उनके निस्तारण की स्थिति देखी। अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

पशुपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

पशुपालन विभाग की समीक्षा में डीएम ने पशुओं के स्वास्थ्य, विभागीय योजनाओं और पशुपालकों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र पशुपालकों तक सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।