देवरिया में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नवविवाहिता की मौत: शादी के बाद दहेज के लिए करते थे प्रताड़ित, पति हिरासत में

महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बगहा गांव में विवाहिता की मौत हो गई। मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की मां ने पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मृतका की मां मांडवी देवी के मुताबिक, रिमझिम की शादी करीब 15 महीने पहले रामपुर बगहा निवासी अभय पांडेय से हुई थी। शादी में दहेज समेत 20 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, ससुर, सास और तीनों ननदें दहेज की मांग को लेकर रिमझिम को परेशान करते थे। मायके पक्ष के लोगों ने कई बार ससुराल पहुंचकर बातचीत कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
ससुर पर अश्लील हरकत का भी आरोप
तहरीर में मांडवी देवी ने आरोप लगाया है कि रिमझिम ने अपने ससुर पर अश्लील हरकत करने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने की शिकायत की थी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मांडवी देवी के अनुसार, रिमझिम ने फोन पर अपने मायके के लोगों को इन घटनाओं की जानकारी दी थी।
मायके वालों को बताई परेशानी
मांडवी देवी ने बताया कि चार सितंबर को रिमझिम ने दोबारा ससुराल में हो रही परेशानी के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद उनके भसूर बसंत दुबे रामपुर बगहा पहुंचे और पति समेत अन्य ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया। बाद में बसंत दुबे इलाज के लिए गोरखपुर चले गए।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
तहरीर के मुताबिक, अभय पांडेय के मोबाइल से बसंत दुबे के पास फोन आया। फोन पर उन्हें रिमझिम की मौत की जानकारी दी गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अभय पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर में लगाए गए आरोपों और विवाहिता की मौत के कारणों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











