देवरिया में अतिक्रमण के खिलाफ भूख हड़ताल पर सभासद: 18 घंटे बाद भी अफसर नदारद, सड़क निर्माण का रुका काम

देवरिया|
18 घंटे बाद भी अफसर नदारद, सड़क निर्माण का रुका काम

भाटपाररानी नगर पंचायत में सड़क निर्माण को लेकर अतिक्रमण हटाने की मांग तेज हो गई है। वार्ड संख्या पांच में सभासद आदित्य सिंह मोनू की अगुवाई में शुरू हुई अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। आंदोलन को करीब 18 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे धरने पर बैठे लोगों में नाराजगी है।

वार्ड संख्या पांच में जटहवा वीर बाबा स्थान से पप्पू जायसवाल के मकान तक आरसीसी सड़क का निर्माण होना है। आरोप है कि आरडी पीजी कॉलेज के सामने एक परिवार ने रास्ते पर अतिक्रमण कर रखा है। इसके चलते सड़क का निर्माण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। सभासद आदित्य सिंह मोनू के मुताबिक, सड़क का टेंडर पहले ही हो चुका है। करीब छह महीने पहले इसके एक हिस्से का निर्माण भी कराया गया था। आगे के हिस्से में अतिक्रमण की पहचान होने के बाद उसे हटाने के लिए कहा गया, लेकिन लंबे समय बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।

एक परिवार ने खुद हटाया था अतिक्रमण

सभासद ने बताया कि बगल में रहने वाले दूसरे परिवार ने नगर पंचायत के कहने पर अपना अतिक्रमण हटा लिया था। इसके बाद उस हिस्से तक आरसीसी सड़क का निर्माण पूरा कराया गया। मंगलवार को नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची थी। सड़क निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कथित अतिक्रमण नहीं हटने के कारण काम रोकना पड़ा। कर्मचारी लौट गए और मजदूरों को भी वापस भेज दिया गया। मजदूरों की दिहाड़ी का भुगतान भी करना पड़ा। नगर पंचायत पहले अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दे चुकी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक नगर पंचायत और तहसील प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।