देवरिया में जमीन विवाद में युवक पर हमला: खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था, पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में पुराने जमीन विवाद को लेकर एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया है। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा हैं। पीड़ित की मां की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
डुमरी गांव निवासी पूनम सिंह ने बताया कि उनका बेटा सूर्य प्रताप सिंह खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान गांव का शुभम सिंह उर्फ लड्डू सिंह अपने साथ किशन त्रिपाठी, अंश सिंह, अफजल अंसारी और हमजा सिद्दीकी को लेकर वहां पहुंचा। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सूर्य प्रताप को मारने के लिए उकसाया।
सिर पर आई गंभीर चोटें
इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर सूर्य प्रताप के सिर पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
पूरानी रंजिश में किया हमला
पूनम सिंह ने बताया कि शुभम सिंह उर्फ लड्डू सिंह से उनका पुराना जमीन विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया है। परिजनों ने घायल सूर्य प्रताप को इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।











