देवरिया में नर्सिंग छात्रों ने किया प्रदर्शन: ट्रेनिंग शुरू न होने पर किया सड़क जाम, शिक्षकों की कमी से पढ़ाई ठप

देवरिया|
ट्रेनिंग शुरू न होने पर किया सड़क जाम, शिक्षकों की कमी से पढ़ाई ठप

मईल थाना क्षेत्र में नर्सिंग छात्रों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर दिखाई दिया। कुण्डौली स्थित ओम श्री साईं कृपा इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज गेट के सामने प्रदर्शन करते हुए रामजानकी मार्ग जाम कर दिया। लार-कुण्डौली मार्ग पर आवागमन ठप होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। छात्रों का आरोप है कि एक सितंबर से शुरू होने वाली क्लीनिकल ड्यूटी 14 सितंबर तक शुरू नहीं हुई। वहीं 2022-26 बैच की इंटर्नशिप भी लंबित है।

छात्रों ने कॉलेज में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि फिलहाल चार शिक्षकों के जरिए ही पढ़ाई कराई जा रही है। संस्थान में स्थायी प्रिंसिपल भी नहीं है और वाइस प्रिंसिपल के आने का समय निर्धारित नहीं है। इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने आरोप लगाया कि समस्याओं को लेकर आवाज उठाने पर कॉलेज प्रबंधन रजिस्ट्रेशन फेल कराने और भविष्य खराब करने की धमकी देता है। छात्रों का कहना है कि नर्सिंग शिक्षा में किताबी पढ़ाई के साथ क्लीनिकल ट्रेनिंग भी जरूरी है। मरीजों की देखभाल और उपचार से जुड़ा व्यावहारिक ज्ञान क्लीनिकल प्रैक्टिस और इंटर्नशिप के दौरान ही मिलता है। ऐसे में दोनों व्यवस्थाएं शुरू नहीं होने से उनकी पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो रहा है।

आईएनसी मान्यता पर भी उठे सवाल

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संस्थान की आईएनसी यानी इंडियन नर्सिंग काउंसिल की मान्यता को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कॉलेज आईएनसी से अप्रूव्ड नहीं है, जबकि फीस और अन्य मामलों में छात्रों को आईएनसी के नियमों का हवाला दिया जाता है। छात्रों ने मान्यता की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उनका कहना है कि स्थिति साफ नहीं होने से डिग्री और भविष्य में नौकरी को लेकर चिंता बनी हुई है।

एक सप्ताह में ट्रेनिंग का दिया आश्वासन

सूचना पर मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को समझाया और कॉलेज प्रशासन से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद कॉलेज के एमडी ने लिखित आश्वासन दिया कि संस्थान की आईएनसी मान्यता की प्रक्रिया चल रही है और इसे मार्च 2027 तक पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही क्लीनिकल प्रैक्टिस और इंटर्नशिप एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने की बात कही गई। लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने रामजानकी मार्ग से जाम हटा लिया और यातायात सामान्य हो गया। छात्रों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।