देवरिया में पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाश दबोचे: एक आरोपी के पैर में लगी गोली, महिला से झपटकर भागे थे मंगलसूत्र

खुखुंदू थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मंगलसूत्र झपटमारी के दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान दोनों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, अवैध तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक तिलौली उर्फ डेहरी गांव में टहल रही किसा देवी से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपट लिया था। इसी दिन सुशीला देवी से भी मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया गया था। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले।
वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
सूचना मिली कि दोनों आरोपी बहादुरपुर से पड़री बाजार की ओर जा रहे हैं। महुई पांडेय गांव के पास पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू की। पुलिस का दावा है कि बाइक सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और असंतुलित होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कलीम शेख निवासी मोहन मुंडेरा, थाना रामपुर कारखाना के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मुसाफिर शाह मौके से अरेस्ट कर लिया गया।
हथियार और लूटा गया सामान बरामद
पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल तथा महिला से छीना गया सोने का मंगलसूत्र और लॉकेट बरामद किया है। घायल आरोपी का इलाज पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट, पुलिस पर फायरिंग समेत अन्य धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी से घटनाओं का खुलासा हो गया है। उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









