सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, तिलक समारोह से लौट रहे थे घर

मईल थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवा दोस्तों की मौत हो गई। दोनों युवक तिलक समारोह में शामिल होने के बाद बुलेट से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सलेमपुर-भागलपुर मार्ग पर सजांव गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। जिससे परिवारों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, लार थाना क्षेत्र के सजांव गांव निवासी अभिषेक कुमार (20) और सत्यम कुमार (18) भागलपुर क्षेत्र में एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बुलेट बाइक से अपने घर लौट रहे थे। देर शाम सजांव गांव के समीप उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर पहुंचाया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने सत्यम कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अभिषेक कुमार की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी भी मौत हो गई।
एक ही स्कूल में पढ़ते थे दोनों दोस्त
मृतकों के परिजनों के अनुसार, अभिषेक और सत्यम घनिष्ठ मित्र थे। एक ही विद्यालय में पढ़ाई कर रहे थे। अभिषेक कक्षा 12वीं का छात्र था, जबकि सत्यम कक्षा 11वीं में अध्ययनरत था। दोनों के असमय निधन से परिवारों के साथ-साथ उनके मित्रों और ग्रामीणों में भी गहरा दुख है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पोस्टमॉर्टम हाउस पर बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और ग्रामीण पहुंचे। जहां माहौल गमगीन बना रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









