रोशनी राजभर को साई सेंटर में मिला स्थान: 5 वर्ष तक मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, मेहनत और अनुशासन का मिला इनाम

देवरिया|13 जून 2026
5 वर्ष तक मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, मेहनत और अनुशासन का मिला इनाम

जिले की उभरती हुई हॉकी खिलाड़ी रोशनी राजभर ने अपनी प्रतिभा और निरंतर मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के छत्तीसगढ़ स्थित सेंटर के लिए किया गया है। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। रोशनी के चयन को स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक सफलता माना जा रहा है। खेल एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह उपलब्धि शहर में खेल प्रतिभाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

मदनपुर कदमही वार्ड निवासी सुभाष चंद्र राजभर की पुत्री रोशनी ने देवरिया के रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम से हॉकी की शुरुआत की थी। प्रशिक्षक शकील अहमद के मार्गदर्शन में उन्होंने पिछले चार वर्षों से नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत की। उनकी तकनीकी दक्षता, फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर के चयन ट्रायल तक पहुंचाया। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में आयोजित अंतिम चयन प्रक्रिया में देशभर से करीब 70 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। जहां एक्सपर्ट्स ने खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का विस्तृत मूल्यांकन किया।

नेशनल लेवल पर मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

चयन के बाद रोशनी को साई सेंटर में पांच वर्षों तक निशुल्क आवास, भोजन, आधुनिक प्रशिक्षण और खेल संबंधी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा। खेल अधिकारियों का मानना है कि यह मंच उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अधिकारियों ने दी बधाई

इस उपलब्धि पर क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, हॉकी संघ अध्यक्ष संजय केडिया और सचिव अकरम सिद्दीकी सहित कई खेल पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। प्रशिक्षक शकील अहमद ने विश्वास जताया कि रोशनी भविष्य में नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहर और देश का नाम गौरवान्वित करेंगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।