देवरिया में सीएम डैशबोर्ड में रैंकिंग गिरने पर सख्ती: 7 विभागों के अफसरों को शो-कॉज नोटिस जारी, सीडीओ ने दिए कड़े निर्देश

देवरिया|1 घंटा पहले
7 विभागों के अफसरों को शो-कॉज नोटिस जारी, सीडीओ ने दिए कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून 2026 की रैंकिंग में देवरिया के 42वें स्थान पर पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया है। सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने विकास भवन स्थित गांधी सभागार में समीक्षा बैठक कर खराब प्रदर्शन करने वाले सात विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक के दौरान जननी सुरक्षा योजना में कमजोर प्रगति पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आईसीडीएस पोषण अभियान में अपेक्षित प्रदर्शन न होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में कमी पर जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा सेतु निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर उप परियोजना प्रबंधक (सेतु निगम) से स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नई सड़कों के निर्माण कार्यों में लापरवाही पर अधीक्षण अभियंता (लोक निर्माण विभाग), राज्य योजना के कार्यों में प्रगति संतोषजनक न मिलने पर पर्यटन सूचना अधिकारी तथा पांचवें राज्य वित्त आयोग से जुड़े कार्यों में कमी पाए जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।

पोर्टल पर समय से अपलोड हों आंकड़े

सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर सही एवं समयबद्ध तरीके से आंकड़े अपडेट करें। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों का तय समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इससे अगले माह की रैंकिंग में जिले की स्थिति बेहतर हो सके। समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।