देवरिया में एसपी ने की कानून व्यवस्था की समीक्षा: गंभीर अपराधों के जल्द खुलासे पर जोर, लापरवाह थानेदारों को मिली सख्त चेतावनी

देवरिया|08 अगस्त 2026
गंभीर अपराधों के जल्द खुलासे पर जोर, लापरवाह थानेदारों को मिली सख्त चेतावनी

अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने बढ़ते अपराध वाले थानों के प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि हत्या, लूट, डकैती, रेप, चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर मामलों में पुलिस कार्रवाई केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ऐसे मामलों का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार रात आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने पशु और शराब तस्करी पर भी प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।

बिहार सीमा से सटे थानों के प्रभारियों को एसपी ने विशेष रूप से सतर्क किया। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र से पशु तस्करी की शिकायत मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। शराब तस्करों के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया। सावन माह को देखते हुए सभी शिवालयों पर पर्याप्त पुलिस बल लगाने और कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला और बाल अपराधों में संवेदनशीलता बरतने को कहा

महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। एसपी ने गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूरी करने और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के निर्देश दिए। शांति भंग करने वाले लोगों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

लंबित विवेचनाएं पूरी कर समय से भेजें आरोप पत्र

एसपी ने लंबित विवेचनाओं को निर्धारित समय में पूरा कर आरोप पत्र न्यायालय भेजने के निर्देश दिए। आईजीआरएस, जनसुनवाई और थानों में आने वाले प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण करने को कहा। अपराध नियंत्रण के लिए रात की गश्त और वाहन चेकिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ पोस्ट मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

यक्ष एप और ऑपरेशन साई-वज्र से होगी निगरानी

संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों के सत्यापन में यक्ष एप का नियमित उपयोग करने को कहा गया। साइबर अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन साई-वज्र के तहत कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। ठगी के मामलों में होल्ड या फ्रीज कराई गई धनराशि को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों को वापस कराने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।