वृंदावन में देवरिया के युवक की संदिग्ध मौत: दर्शन के दौरान जमीन पर गिरा, अचानक बिगड़ी तबीयत

पथरदेवा क्षेत्र के एक युवक की वृंदावन धाम में दर्शन के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक तौर पर घटना को हृदयाघात से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन मृतक के परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
जानकारी के अनुसार पथरदेवा क्षेत्र के सुभाष चंद्र बोस नगर निवासी सत्य प्रकाश सिंह (25) अपनी पत्नी जूही सिंह तथा सास-ससुर के साथ वृंदावन धाम दर्शन के लिए गए थे। शनिवार को वह वृंदावन में दर्शन के लिए लगी कतार में खड़े थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पिता ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के पिता राम नक्षत्र सिंह ने बेटे की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि घटना की परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिवार किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार कर रहा है।
परिवार का इकलौता सहारा था सत्य प्रकाश
सत्य प्रकाश सिंह पेशे से लैब टेक्नीशियन थे और परिवार के इकलौते पुत्र थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा मां, पिता और दो छोटी बहनें नेहा सिंह तथा शिवांगी सिंह हैं। युवक की असामयिक मौत से परिवार के सामने भावनात्मक ही नहीं, आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। देर रात बॉडी गांव पहुंचने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। उसी आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









