देवरिया में बेटे को बचाते हुए शिक्षिका की मौत: बाइक पर कूदा बंदर, सिर पर आई गंभीर चोट

बिहार के गोपालगंज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में सहायक शिक्षिका दीपिका सिंह की मौत हो गई। स्कूल जाते समय उनकी बाइक पर अचानक एक बंदर कूद पड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे के दौरान उन्होंने अपनी गोद में बैठे डेढ़ वर्षीय बेटे को सुरक्षित बचाने की कोशिश की, लेकिन स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गईं। देवरिया के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार के साथ-साथ विद्यालय में भी शोक का माहौल है।
मृतका दीपिका सिंह गोरखपुर जिले के चौरी-चौरा थाना क्षेत्र के करौता गांव की रहने वाली थीं। वह बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर प्रखंड की मुसहरी पंचायत स्थित मध्य विद्यालय रानीपुर में सहायक शिक्षिका थीं। वह अपने पति चंदन सिंह के साथ बाइक से विद्यालय जा रही थीं। बाइक उनके पति चला रहे थे, जबकि दीपिका अपनी गोद में डेढ़ वर्षीय बेटे को लेकर पीछे बैठी थीं।
बेटे को बचाने में खुद गंभीर रूप से घायल हुईं
जानकारी के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक भोरे थाना क्षेत्र के काली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के सामने पहुंची, अचानक एक बंदर बाइक पर कूद पड़ा। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के दौरान दीपिका ने सबसे पहले अपने मासूम बेटे को सुरक्षित बचाने का प्रयास किया। इसी कोशिश में उनका सिर सड़क से जोर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि उनका बेटा सुरक्षित बच गया।
देवरिया में इलाज के दौरान हुई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें देवरिया रेफर कर दिया। देवरिया के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार और विद्यालय में शोक
दीपिका सिंह के निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। विद्यालय के शिक्षक, छात्र और क्षेत्र के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। मां की मौत और बेटे के सुरक्षित बच जाने की घटना ने सभी को भावुक कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश राय ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









