सरयू में नहाते समय तीन किशोर डूबे: एक की बची जान, दो की सर्च में जुटी रेस्क्यू टीम

देवरिया|1 घंटा पहले
एक की बची जान, दो की सर्च में जुटी रेस्क्यू टीम

बरहज थाना क्षेत्र में सरयू नदी में स्नान करने गए तीन किशोर हादसे का शिकार हो गए। निर्माणाधीन मोहन सेतु के पास नहाते समय तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूबने लगे। स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दो अन्य किशोर नदी की तेज धारा में लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक जयनगर गांव निवासी अर्पित राजभर (11), अमन राजभर (12) और सुधीर राजभर (14) भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए सरयू नदी में नहाने गए थे। निर्माणाधीन मोहन सेतु के पास स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में पहुंच गए। कुछ ही क्षणों में तीनों किशोर डूबने लगे और मदद के लिए शोर मचाने लगे।

किसानों और नाविकों ने बचाई एक किशोर की जान

किशोरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और नाविक मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सुधीर राजभर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि अर्पित और अमन तेज धारा में बह गए और लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरहज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और नाविकों की मदद से देर शाम तक दोनों किशोरों की तलाश की जाती रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

तेज बहाव से रेस्क्यू में आ रही दिक्कत

थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने बताया कि सरयू नदी में इस समय पानी का बहाव काफी तेज है। जिसके कारण तलाश अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम को भी सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद सर्च ऑपरेशन और तेज किया जाएगा। घटना के बाद दोनों लापता किशोरों के परिवारों में गहरा दुख और चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जमा होकर रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं कि दोनों किशोरों का जल्द पता लगाया जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।