सड़क हादसे में एक युवक की मौत: दूसरे घायल युवक की हालत गंभीर, दो तेज रफ्तार बाइकों में हुई भिड़ंत

जिले के पंसरही मोड़ के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के परसिया भंडारी निवासी 25 वर्षीय तौफीक पुत्र आस मोहम्मद के रूप में हुई है। बताया गया कि तौफीक सोनूघाट स्थित एक मुर्गी की दुकान पर काम करता था। वह पंसरही मोड़ स्थित एक पोल्ट्री फार्म से मुर्गा लेने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान बरियारपुर थाना क्षेत्र के पंसरही मोड़ के समीप उसकी बाइक की सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दोनों बाइक सवार
जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बरियारपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने तौफीक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक तौफीक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अज्ञात घायल युवक की पहचान कराने का भी प्रयास कर रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









