ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की डेथ: घटनास्थल से चिलम बरामद, रेलवे ट्रैक के किनारे बैठे थे दोनों

सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को रेलवे ट्रैक पर हुए एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना पूर्वी मेहड़ा स्थित कांशीराम आवास के समीप की है। जहां गोरखपुर की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
मृतकों की पहचान महुआ रचा पार निवासी 25 वर्षीय सलमान उर्फ मिते पुत्र साबिर खान तथा शहर के शुगर मिल क्षेत्र निवासी किशन पुत्र छोटे बांसफोर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों युवक पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामलों में नामजद रहे थे। सलमान के खिलाफ जीआरपी थाने में पांच और सदर कोतवाली में एक केस दर्ज बताया गया है। वहीं किशन भी एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका था। कुछ माह पहले ही रिहा होकर घर लौटा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि वर्तमान घटना को उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है। जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से एक चिलम भी बरामद हुई है। जिसने मामले को नया मोड़ दे दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों युवक रेलवे ट्रैक के किनारे बैठे हुए थे। संभवतः ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं लगा सके। इसी दौरान तेज गति से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। हालांकि यह केवल शुरुआती अनुमान है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। परिजनों के अनुसार किशन शनिवार शाम घर से गोरखपुर जाने की बात कहकर निकला था। जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। वहीं सलमान के परिजन भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंच गए। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
सदर कोतवाली पुलिस और रेलवे पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे से पहले दोनों युवक वहां किस परिस्थिति में मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद संभावित प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। सदर कोतवाल राकेश राय ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर दो युवकों की बॉडी मिलने की सूचना के बाद तत्काल पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









