देवरिया में पोखरे में मिला युवक का शव: पैर फिसलने से पानी में डूबने की आशंका, सुबह शौच के लिए निकला था युवक

मदनपुर थाना क्षेत्र के बरांव गांव में बुधवार सुबह माताधाम मंदिर के पास स्थित पोखरे में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश के कारण पोखरे के किनारे फिसलन होने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान ज्ञान प्रकाश उर्फ बिट्टन पांडेय पुत्र स्व. व्यास मुनि पांडेय निवासी बरांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह बुधवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था। लगातार बारिश के चलते पोखरे के किनारे काफी फिसलन हो गई थी। आशंका है कि पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण समय रहते घटना की जानकारी नहीं हो सकी। सुबह जब ग्रामीणों ने पोखरे में शव उतराता देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मदनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया।
रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मृतक के भाई बिट्टू पांडेय ने बताया कि बारिश के कारण पोखरे के किनारे काफी फिसलन थी, जिससे हादसा होने की संभावना है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के बड़े भाई रामआशीष पांडेय अपने पिता के निधन के बाद लोक निर्माण विभाग, गोरखपुर में कार्यरत हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस
थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










