ट्रेन से गिरकर युवक की मौत: नौकरी पर जाते समय हुआ हादसा, आधार कार्ड से हुई पहचान

बैतालपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक रोजगार के सिलसिले में अपने कार्यस्थल जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लार क्षेत्र के पिपरा चौहान हरिजन बस्ती निवासी 30 वर्षीय वृजानंद प्रसाद पुत्र घूरा प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोजगार के सिलसिले में भटनी रेलवे स्टेशन से जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर अपने कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बैतालपुर रेलवे स्टेशन के निकट किसी अज्ञात कारण से वह ट्रेन से नीचे गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
परिवार का था एकमात्र सहारा
वृजानंद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक, वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। रोजगार के लिए अक्सर बाहर जाया करते थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









