देवरिया में पोखरे में डूबा युवक: नहाने के दौरान हुआ हादसा, दूसरे दिन मिली बॉडी

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में पोखरे में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। रविवार को हुई घटना के बाद देर शाम तक चले तलाश अभियान में सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान गोताखोरों ने युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान रतनपुर निवासी 42 वर्षीय समरु निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, समरु निषाद गोरखपुर में परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते थे। कुछ दिन पहले ही वह अपने पैतृक गांव रतनपुर आए थे। रविवार सुबह वह गांव के पश्चिम स्थित पोखरे में नहाने के लिए गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पोखरे के किनारे उनके कपड़े और चप्पल पड़े मिले, जिसके बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
परिवार में मचा कोहराम
सूचना पर पहुंची गौरीबाजार पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रविवार को ही तलाश अभियान शुरू कराया। देर शाम तक लगातार खोजबीन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने पोखरे से समरु निषाद का शव बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना माना जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई पूरी करने में जुटी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









