सड़क किनारे बेहोश मिले युवक-युवती की मौत: जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, कॉल डिटेल चेक कर रही पुलिस

देवरिया|18 मई 2026
जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, कॉल डिटेल चेक कर रही पुलिस

देवरिया-कसया मार्ग पर भीमपुर गौरा गांव के पास रविवार शाम सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिले युवक और युवती की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। राहगीरों द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने के बावजूद दोनों की जान नहीं बच सकी है। युवती ने देवरिया मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया, जबकि युवक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक और युवती को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। दोनों की हालत बेहद गंभीर थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवीय पहल दिखाते हुए एक टेंपो की मदद से दोनों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बिहार की रहने वाली है मृतका

मृतका की पहचान बिहार के गोपालगंज जिले के कटया थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोकवा गांव निवासी 19 वर्षीय अंशु यादव के रूप में हुई है। अंशु अपने बहन के घर पथरदेवा कस्बे में रह रही थी। उसके पिता जवाहिर यादव स्थानीय क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। वहीं मृत युवक की पहचान पथरदेवा क्षेत्र के संगम मोहल्ला निवासी 22 वर्षीय विशाल सोनकर के रूप में हुई। विशाल के पिता धरम सोनकर फल विक्रेता हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों के लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और रोने-बिलखने का माहौल बन गया।

प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध की चर्चा

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और दोनों अक्सर संपर्क में रहते थे। चूंकि युवती अपनी बहन के घर पथरदेवा में रहती थी और युवक का घर भी उसी क्षेत्र में था, इसलिए दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। चर्चा यह भी है कि दोनों के संबंधों का परिवार विरोध कर रहा था, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सड़क किनारे बेहोश पड़े थे और आसपास किसी प्रकार के संघर्ष के निशान नहीं मिले। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ खाया हो सकता है। हालांकि इस संबंध में अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विसरा जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर नजर

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस सक्रिय हो गई और दोनों की पहचान कराने के साथ जांच शुरू कर दी। पुलिस अब युवक और युवती के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिजनों से पूछताछ के जरिए मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने युवती की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि युवक का पोस्टमॉर्टम गोरखपुर में कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं घटना के बाद भीमपुर गौरा और आसपास के गांवों में दिनभर इसी मामले की चर्चा होती रही। स्थानीय लोग इस दर्दनाक घटना को सामाजिक दबाव और पारिवारिक तनाव से जोड़कर देख रहे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें