मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत: फोन पर बात करते समय हुआ हादसा, गोरखपुर जाने वाली ट्रेन का कर रहा था इंतजार

देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान पीछे की ओर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान गोरखपुर जिले के खोराबार थाना क्षेत्र स्थित जंगल रामलखना निवासी 36 वर्षीय शेषनाथ पुत्र रघुनाथ के रूप में हुई है। वह बाहर रहकर मजदूरी करता था। घर लौटने के लिए गोरखपुर जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वह स्टेशन पर मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहा था। जानकारी के अनुसार, शेषनाथ प्लेटफॉर्म संख्या दो से उतरकर प्लेटफॉर्म संख्या एक की ओर जा रहा था। उसी समय पीछे की दिशा से एक मालगाड़ी आ रही थी। मोबाइल पर बातचीत में व्यस्त होने के कारण वह ट्रेन की ओर ध्यान नहीं दे सका और मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जीआरपी ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। जीआरपी ने मालगाड़ी को रुकवाकर बॉडी को ट्रैक से बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मोबाइल पर बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक पार करना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









