गाजियाबाद छात्र हत्याकांड: पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी ढेर, भागने की फिराक में था 50 हजारी बदमाश

गाजियाबाद|1 घंटा पहले
पुलिस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी ढेर, भागने की फिराक में था 50 हजारी बदमाश

बकरीद के दिन हुई 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या का मुख्य आरोपी असद (19) रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी शहर छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वसुंधरा क्षेत्र में पुलिस ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पुलिस टीम को देखकर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पर एक दिन पहले ही 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

इस घटना के बाद पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीनियर अफसर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, 28 मई को 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या कर दी गई थी। मामले में सामने आए आरोपों के मुताबिक, आरोपी असद ने फोन कर सूर्या को मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद कथित तौर पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर छात्र को घेर लिया। धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्या की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। जिसके बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू कर दी थी। हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। दो समुदायों से जुड़े होने के कारण मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

परिवार ने उठाई अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

मुख्य आरोपी के मारे जाने के बाद भी मृतक छात्र के परिजन संतुष्ट नजर नहीं आए। सूर्या की मां ने कहा कि उन्हें तभी विश्वास होगा जब पुलिस पूरी कार्रवाई की पारदर्शी जानकारी देगी। उन्होंने मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की मांग की। परिवार का कहना है कि केवल एक आरोपी पर कार्रवाई से न्याय की प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जा सकती।

राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता बढ़ी

घटना के बाद प्रदेश सरकार के मंत्री सुनील कुमार शर्मा रविवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।कहा कि सरकार अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरतेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि परिवार के एक सदस्य को स्थानीय निकाय में संविदा के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आर्थिक सहायता देने की भी बात कही गई। दूसरी ओर विभिन्न सामाजिक और हिंदूवादी संगठनों के प्रतिनिधि भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई। संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में पुलिस और आरआरएफ की अतिरिक्त तैनाती की है।

कानून-व्यवस्था पर सरकार की नजर

शनिवार को इस घटना को लेकर लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन और हंगामा चलता रहा था। परिजनों ने प्रारंभ में अंतिम संस्कार करने से भी इनकार कर दिया था। बाद में प्रशासन और अधिकारियों की समझाइश के बाद अंतिम संस्कार कराया गया। प्रदेश सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीनियर अफसर को आवश्यक निर्देश दिए हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री स्तर पर भी कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई है। प्रशासन का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है। किसी भी दोषी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।