रेप पीड़िता मासूम संग मोबाइल टॉवर पर चढ़ी: FIR के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पांच घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

गोंडा|16 घंटे पहले
FIR के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, पांच घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

जिले में सोमवार को अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। एक रेप पीड़िता अपने तीन वर्षीय बच्चे को कमर से बांधकर करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि उसके साथ रेप की घटना के बावजूद पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की। अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। न्याय की मांग को लेकर उठाए गए इस खतरनाक कदम के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सीनियर अफसर मौके पर पहुंच गए। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए घंटों तक प्रयास करते रहे। घटना के कारण आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

जानकारी के अनुसार, तरबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला सोमवार सुबह करीब नौ बजे कोतवाली क्षेत्र स्थित रघुकुल विद्यापीठ परिसर में पहुंची। इसके बाद उसने अपने तीन वर्षीय बच्चे को साड़ी के सहारे कमर से बांधा और परिसर में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। महिला टॉवर की ऊंचाई पर जाकर बैठ गई। महिला ने नीचे आने से इनकार कर दिया। यह टॉवर जिला प्रशासन के महत्वपूर्ण कार्यालयों के नजदीक स्थित होने के कारण घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी महिला

टॉवर पर बैठी महिला ने पुलिस अधिकारियों से मोबाइल फोन पर बातचीत की। आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने उसके साथ रेप किया था। इस संबंध में केस भी दर्ज कराया गया। फिर भी आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया। महिला का कहना है कि आरोपी लगातार उसे परेशान कर रहा है। न्याय दिलाने के लिए वह कई बार पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा चुकी है। उसने यह भी दावा किया कि कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम और अन्य सीनियर अफसर मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने लाउडस्पीकर और मोबाइल फोन के माध्यम से महिला से लगातार संवाद स्थापित किया। उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। महिला और उसके बच्चे के लिए पानी तथा बिस्कुट टॉवर पर भिजवाए गए। जबकि प्रशिक्षित कर्मी उसे समझाने का प्रयास करते रहे।

आरोपी के परिवार ने भी की अपील

मामले के दौरान आरोपी की मां ने वीडियो कॉल के जरिए महिला से बातचीत की। महिला से नीचे उतरने की अपील की। उन्होंने महिला और उसके बच्चे की देखभाल का आश्वासन भी दिया। लेकिन महिला अपनी मांग पर अड़ी रही। उसका कहना था कि जब तक आरोपी को उसके सामने नहीं लाया जाएगा। वह नीचे नहीं उतरेगी।

प्रशासन की प्राथमिकता सुरक्षा

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता महिला और उसके बच्चे को सुरक्षित नीचे उतारना है। अधिकारियों द्वारा लगातार संवाद स्थापित कर स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही महिला की शिकायत की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया गया है। देर शाम तक पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर डटी रहीं और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।