गोरखपुर में छत से गिरकर घायल महिला ने तोड़ा दम: पति पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

चिलुआताल थाना क्षेत्र के बिशुनपुर टोला सप्टहिया में घरेलू विवाद के बाद छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की बहन ने पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर परिवार में मातम पसरा है। मृतका के दो बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पिपराइच थाना क्षेत्र के बड़ेगांव निवासी शीला पत्नी धर्म चौहान की बहन ज्ञानमती देवी का विवाह करीब 15 वर्ष पहले चिलुआताल निवासी रविन्द्र कुमार पुत्र रामधनी से हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पारिवारिक विवाद के दौरान रविन्द्र कुमार ने ज्ञानमती को कथित तौर पर दो थप्पड़ मारे। इसके बाद आवेश में आकर महिला छत से कूद गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
गंभीर हालत में लखनऊ किया गया था रेफर
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान महिला की हालत गंभीर बनी रही। करीब दो दिन बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन महिला को लेकर लखनऊ पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका के दो बच्चे हैं। इनमें अरुण की उम्र 12 वर्ष और आयुष की उम्र नौ वर्ष है। महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद बच्चों समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
मृतका की बहन शीला ने चिलुआताल थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, महिला को छत से धक्का दिए जाने के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद घटना की वास्तविक स्थिति और महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।










