कुशीनगर में रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत: दो यात्रियों की मौत, बस में फंसे यात्रियों को ग्रामीणों ने तोड़कर निकाला

जिले के पटहेरिया चौराहा पर तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सुबह करीब पांच बजे परिवहन निगम की रोडवेज बस और एक तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घटना पटहेरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने बिना देर किए राहत-बचाव शुरू किया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
टक्कर इतनी तेज कि बस में मच गई चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क लगभग खाली थी। तभी तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक और रोडवेज बस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग धमाके जैसी आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। बस के अंदर बैठे यात्री अचानक हुए हादसे से संभल नहीं पाए। कई यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े। कुछ लोग बस के अगले हिस्से में फंस गए। कांच टूट गए। चारों तरफ चीखें सुनाई देने लगीं। स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले मोर्चा संभाला। लोगों ने बस के दरवाजे और खिड़कियां खोलकर यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ घायल दर्द से कराह रहे थे। मौके का दृश्य बेहद भयावह था।
इलाज के दौरान दो यात्रियों ने तोड़ा दम
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर भेजा गया। लेकिन इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 45 वर्षीय सतीश शर्मा शामिल हैं। वह बैरिया के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक वह अपने भाई विजय के साथ ससुराल से लौट रहे थे। हादसे के दौरान वह बस में बुरी तरह फंस गए और समय पर बाहर नहीं निकल सके। सतीश शर्मा परिवार चलाने के लिए सैलून में काम करते थे। उनके पीछे तीन साल का बेटा अयनांश और एक साल का अंकित रह गया है। परिवार पहले से ही बड़े भाई की मौत के सदमे से उबर नहीं पाया था। ऊपर से पिता लकवाग्रस्त हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। दूसरे मृतक 32 वर्षीय मनोज निषाद थे। वह चौबे पटखौली के रहने वाले थे। मनोज गोरखपुर पासपोर्ट से जुड़े काम के लिए जा रहे थे। वह पहले विदेश में काम कर चुके थे और दोबारा बाहर जाने की तैयारी कर रहे थे। मनोज अपने पीछे पांच छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
महिला समेत पांच घायल, एक की हालत गंभीर
हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें मीरा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इसके अलावा रोशनतारा खातून और रामपाली देवी समेत अन्य घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ यात्रियों को अंदरूनी चोटें भी आई हैं। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल करवाया है। साथ ही हादसे में क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।
हादसे के बाद कुछ देर जाम
घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हालत में खड़े रहे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाया और कुछ देर बाद ट्रैफिक सामान्य कराया गया। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










