कुशीनगर में बाघ के हमले में महिला की मौत: धान की निराई के दौरान किया हमला, गन्ने के खेत से निकलकर दबोचा

कुशीनगर|
धान की निराई के दौरान किया हमला, गन्ने के खेत से निकलकर दबोचा

बिहार सीमा से सटे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के आसपास एक बार फिर बाघ की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मदनपुर क्षेत्र के मिश्रौलिया दियारा में धान की निराई कर रही एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने निगरानी बढ़ाने के साथ लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिमी चंपारण के नौरंगिया क्षेत्र के नौरगिया गांव निवासी उमरावती देवी जंगल से सटे खेत में धान की निराई कर रही थीं। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले बाघ ने उन पर हमला कर दिया। बाघ ने महिला के सिर को जबड़े में दबोच लिया और उसे घसीटकर ले जाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद बाघ महिला को छोड़कर गन्ने के खेत में चला गया। हालांकि तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

सूचना मिलते ही मदनपुर वन क्षेत्राधिकारी नसीम अंसारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और नौरंगिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी है। नसीम अंसारी ने लोगों से जंगल से सटे खेतों में अकेले न जाने, समूह में काम करने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है। खड्डा रेंजर अमित तिवारी ने बताया कि सीमावर्ती गांवों के लोगों को अलर्ट कर दिया गया है और वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही वीटीआर के दूसरे छोर पर बिसहा गांव के पास बकरी चरा रहे अकलू यादव पर भी बाघ ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। बाद में वह बाघ घायल अवस्था में मिला, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।