पेड़ से बांधकर युवक और महिला की पिटाई: संदेह के आधार पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

कुशीनगर|12 घंटे पहले
संदेह के आधार पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

अहिरौली बाजार क्षेत्र में युवक और महिला को पेड़ से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना ने कानून व्यवस्था और सामाजिक व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक कप्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी एक युवक मंगलवार को अहिरौली बाजार क्षेत्र के एक गांव में महिला के घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। आरोप है कि परिजनों ने युवक और महिला को पकड़ लिया और दोनों को प्रेम संबंध में होने का आरोप लगाते हुए पेड़ से बांधकर मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

महिला ने प्रेम संबंध से किया इनकार

घटना के बाद महिला ने प्रेम संबंध की बात से साफ इनकार किया है। महिला का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी इस तरह की घटना की निंदा करते हुए कहा कि कानून हाथ में लेना गलत है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक और महिला एक-दूसरे को पहले से जानते थे और महिला का मायका युवक के गांव के पास स्थित है। क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि इससे पहले भी दोनों को लेकर विवाद हो चुका था और मामला पुलिस तक पहुंचा था। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मेडिकल जांच के बाद होगी कार्रवाई

अहिरौली बाजार थानाध्यक्ष प्रविंद्र कुमार राय ने बताया कि संदेह के आधार पर युवक और महिला की पिटाई की गई है। महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोनों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें