कुशीनगर में अज्ञात बाइक की टक्कर से युवक की मौत: छह माह पहले ही विदेश से लौटा, पीछे से मारी थी जोरदार टक्कर

तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात बाइक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसा दहारीपट्टी गांव के पास मधुरियां राजवाहा मार्ग पर हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर अज्ञात बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।
चौराखास थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी संतोष कुमार गोंड एक महिला के साथ मोटरसाइकिल से कसया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कसया पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया गया कि संतोष कुमार गोंड करीब छह माह पहले ही विदेश से अपने घर लौटे थे। उनके परिवार में पत्नी नीतू देवी, 10 वर्षीय पुत्र अमन और आठ वर्षीय पुत्री चुलबुली हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अज्ञात चालक की तलाश में जुटी पुलिस
तुर्कपट्टी थाना प्रभारी आलोक कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात बाइक सवार की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









