देवरिया में गरजे सीएम योगी: बोले- बेटियों को छेड़ा तो यमराज टिकट काट देंगे, 655 करोड़ की 19 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया दौरे के दौरान विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास और धार्मिक पहचान के मुद्दों को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोला और कहा कि अब उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडों और माफियाओं से नहीं, बल्कि विकास और सुरक्षा से होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब बेटियां सुरक्षित हैं और यदि कोई उनसे छेड़छाड़ का दुस्साहस करेगा तो “अगले चौराहे पर यमराज उसका टिकट काटने के लिए बैठे हैं।” मुख्यमंत्री ने इस दौरान 655.45 करोड़ रुपये की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में हर जिले में एक माफिया सक्रिय रहता था। त्योहारों के दौरान उपद्रव होते थे, गरीबों की जमीनों पर कब्जा किया जाता था और योजनाओं का लाभ जाति तथा चेहरे देखकर बांटा जाता था। उन्होंने कहा कि उस दौर में न किसान सुरक्षित था, न व्यापारी और न ही बेटियां। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। “माफिया मिट्टी में मिल गए और गुंडे प्रदेश छोड़कर भाग गए। जिसने जनता को आंख दिखाने की कोशिश की, वह अपने आप ही यमराज के घर पहुंच गया,” योगी ने कहा।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ बना नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” नहीं, बल्कि “वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज” की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था मजबूत होने के कारण आज बेटियां रात में भी सुरक्षित होकर काम कर रही हैं और व्यापारी बिना किसी भय के कारोबार कर रहे हैं। योगी ने किसानों को लेकर कहा कि गन्ना किसानों को प्रति क्विंटल 400 रुपये तक का भुगतान मिल रहा है और सरकार योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के हर जरूरतमंद तक पहुंचा रही है।
मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकास की असली नींव
उन्होंने देवरिया में निर्माणाधीन मोहन सिंह सेतु का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकार ने केवल प्रतीकात्मक धनराशि जारी की थी। वर्तमान सरकार ने परियोजना को प्राथमिकता देकर समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सड़कें और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकास की असली नींव होते हैं।
धार्मिक पहचान और विकास मॉडल पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में अयोध्या, काशी और मथुरा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान भगवान राम, कृष्ण और बाबा विश्वनाथ से बन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों को राम नाम से परहेज था, जबकि वर्तमान सरकार ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण कर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज यदि कोई व्यक्ति दूसरे राज्य में जाकर खुद को यूपी का निवासी बताता है तो सामने वाला सम्मान की नजर से देखता है। योगी ने कहा कि देवरिया से कसिया तक फोरलेन सड़क और नॉर्थ-साउथ कनेक्टिविटी परियोजना पूर्वांचल के विकास की दिशा तय करेगी। इस सड़क नेटवर्क को वाराणसी, लखनऊ और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जा रहा है। जिससे व्यापार, निवेश और रोजगार को गति मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज, आईटीआई और नए अस्पताल की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही नए जिला अस्पताल के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल समस्याओं की चर्चा करना नहीं, बल्कि उनका समाधान देना है। योगी ने बताया कि जिले में आईटीआई का निर्माण भी तेजी से हो रहा है, जहां युवाओं को स्किल डेवलपमेंट से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित मानव संसाधन ही मजबूत अर्थव्यवस्था की आधारशिला होता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









