देवरिया में बाल गृह का छात्र स्कूल से फरार: CCTV चेक कर रही पुलिस, दो महीने में दूसरी घटना

जिले के राजकीय बाल गृह (बालक) में रहने वाला नौ वर्षीय छात्र पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। प्रतिदिन सुरक्षा व्यवस्था के तहत होमगार्ड की निगरानी में स्कूल आने-जाने वाला छात्र पढ़ाई के दौरान कक्षा से निकल गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।
राजकीय बाल गृह में रहने वाला छात्र पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का विद्यार्थी है। रोजाना एक होमगार्ड उसे स्कूल लेकर जाता है और छुट्टी के बाद वापस बाल गृह पहुंचाता है। छुट्टी के समय जब होमगार्ड छात्र को लेने कक्षा में पहुंचा तो वह वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद तत्काल विद्यालय प्रशासन को जानकारी दी गई। इससे परिसर में हड़कंप मच गया।
दोपहर तक स्कूल में ही दिखा छात्र
घटना की सूचना बाल गृह के अधीक्षक और कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में छात्र दोपहर तक कक्षा और स्कूल परिसर के आसपास दिखाई दिया, लेकिन उसके बाद वह किसी भी कैमरे में नजर नहीं आया। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह दोपहर बाद किसी बहाने कक्षा से बाहर निकला और वहां से चला गया।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
करीब दो माह पहले भी राजकीय बाल गृह का एक अन्य बालक चहारदीवारी फांदकर फरार हो गया था। उसे तलाशने में पुलिस को लगभग एक माह का समय लगा था। प्रभारी निरीक्षक राकेश राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से छात्र की तलाश की जा रही है और जल्द उसे सकुशल बरामद करने का प्रयास जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









