देवरिया में दो पक्षों में खूनी संघर्ष: जमकर चले लाठी-डंडे, छह घायल; दो की हालत गंभीर

देवरिया|1 घंटा पहले
जमकर चले लाठी-डंडे, छह घायल; दो की हालत गंभीर

जिले में बकरीद के दिन गुरुवार को दो पक्षों के बीच पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के जामुनी खास गांव में हुई इस हिंसक झड़प में छह लोग घायल हो गए है। जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक गांव निवासी मुन्ना और रामाअशीष के परिवारों के बीच एक लड़की को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। अचानक शुरू हुई मारपीट से गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

दो लोगों को गोरखपुर किया रेफर

संघर्ष में मुन्ना और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए है। दोनों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। बाद में बेहतर इलाज के लिए दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में जारी है।

पुलिस कर रही निगरानी

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व के दिन हुई इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। प्रशासन लगातार लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में न लेने की अपील कर रहा है।

जांच में जुटी पुलिस

तरकुलवा थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वीडियो व अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।