देवरिया में प्रसव के दौरान महिला की मौत: इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी तबीयत, कर्मचारियों पर लापरवाही का लगाया आरोप

देवरिया में भटनी स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव के दौरान एक महिला को इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ने और महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में मौत होने का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों पर इलाज में बड़ी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान 27 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है, जो सिंघही डीह की रहने वाली थीं। बुधवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उन्हें भटनी स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए थे।
परिजनों का आरोप है कि वहां कर्मचारियों ने एक सुई लगाई, जिसके तुरंत बाद गीता की हालत खराब होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रात करीब 10 बजे जब परिजन वहां पहुंचे, तो डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
परिजनों के मुताबिक यह महिला का चौथा प्रसव था। उनकी पहले से तीन बेटियां हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।











