देवरिया में पुलिस ने चिता से उठवाया महिला का शव: 6 महीने से मायके में रह रही थी मृतका, मायके पक्ष ने लगाया आरोप

देवरिया|
6 महीने से मायके में रह रही थी मृतका, मायके पक्ष ने लगाया आरोप

बरहज में पुलिस ने अंतिम संस्कार से ठीक पहले महिला का शव चिता से कब्जे में ले लिया। गौरा-कटइलवा स्थित मुक्तिपथ पर महिला का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। इसी दौरान मायके पक्ष की सूचना पर मदनपुर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। मौके पर नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे। पुलिस की कार्रवाई के बाद घाट पर मौजूद लोग धीरे-धीरे वहां से हट गए।

मृतका की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के पिड़ी गांव निवासी रामनिवास यादव की पत्नी रिंकी यादव के रूप में हुई है। रिंकी सिंहपुर गांव निवासी रामसिंगार की बेटी थी। परिजनों के अनुसार, ससुराल में विवाद के चलते वह करीब छह महीने से मायके में रह रही थी। करीब 20 दिन पहले पति रामनिवास उसे दो माह के बेटे को शुभ मुहूर्त में घर ले जाने के बहाने ससुराल लेकर गया था। रिंकी की शादी अप्रैल 2021 में रामनिवास से हुई थी। उसके चार साल की बेटी झुनझुन और दो माह का बेटा है। परिजनों ने बताया कि ससुराल में पहले भी विवाद होते रहे थे और करीब एक साल पहले मारपीट का आरोप भी लगाया गया था।

चोट के निशान का दावा

मायके पक्ष ने रिंकी के सिर पर चोट के निशान, नाक से खून निकलने और गले पर काला निशान होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है। महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

मौके पर पहुंची पुलिस

मदनपुर थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि भलुअनी थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव की माया देवी ने डायल 112 पर सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस टीम मुक्तिपथ पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रिंकी की मौत से उसकी मां दुर्गावती देवी और पिता रामसिंगार का रो-रोकर बुरा हाल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।