देवरिया में वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत: खेत में मिला शव, सब्जी बेचकर लौट रहे थे घर

मदनपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद एक सब्जी विक्रेता का शव रातभर धान के खेत में पड़ा रहा। कुसुम्हा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग सड़क किनारे खेत में जा गिरा। खेत में गिरने के कारण रातभर किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह टहलने निकले लोगों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कुसुम्हा गांव निवासी चौथी कुशवाहा सब्जी बेचने पकड़ी बाजार गए थे। कारोबार निपटाने के बाद वह घर लौट रहे थे। गांव से करीब एक किलोमीटर पहले कुसुम्हा की ओर जाने वाले मार्ग पर एक मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क किनारे धान के खेत में गिर गए। खेत में उनकी मौजूदगी किसी की नजर में नहीं आई, जिससे वह रातभर वहीं पड़े रहे।
तलाश में जुटे परिजन
चौथी कुशवाहा के घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह कुछ लोग रोज की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने खेत में एक व्यक्ति को पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर उसकी पहचान चौथी कुशवाहा के रूप में हुई। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घर में मातम छा गया।
परिवार का सब्जी बेचकर चलाते थे खर्च
चौथी कुशवाहा के परिवार में पत्नी इंद्रावती देवी के अलावा दो बेटे धर्मेंद्र और धर्मवीर तथा बेटी रंजू हैं। परिजनों के मुताबिक चौथी सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसा किस वाहन से हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











