देवरिया में लूट के दौरान कारोबारी पर चाकू से हमला: फायरिंग कर भागे बदमाश, गहने देखने के बहाने दुकान में घुसे

बिहार के सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र स्थित टड़वा चट्टी बाजार में ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट की कोशिश से सनसनी फैल गई। तीन बाइक से पहुंचे छह बदमाशों ने नीरज ज्वेलर्स में घुसकर गहने लूटने का प्रयास किया। कारोबारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से कई वार कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद बाजार में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई। शोर सुनकर दुकानदार और ग्रामीण मौके पर जुटने लगे तो चार आरोपी बाइक से फरार हो गए, जबकि दो को लोगों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को एक दुकान में बंद कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिहार पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।
टड़वा चट्टी गांव निवासी दिलीप वर्मा चौराहे पर ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। तीन बाइक से छह युवक दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि कुछ बदमाश अंदर गए और गहने देखने के बहाने कारोबारी को हथियार दिखाकर लूटने की कोशिश करने लगे। दिलीप वर्मा ने इसका विरोध किया और एक आरोपी का हथियार पकड़ लिया। इसी दौरान दूसरे बदमाश ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया।
शोर मचा तो बाहर से हुई फायरिंग
चाकू लगने से घायल कारोबारी ने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार और ग्रामीण दुकान की तरफ दौड़े। इसी बीच बाहर मौजूद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ बढ़ती देखकर चार बदमाश बाइक से भाग निकले। वहीं दो आरोपी ग्रामीणों की पकड़ में आ गए। लोगों ने दोनों को एक दुकान में बंद कर दिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
गंभीर हालत में गोरखपुर किया रेफर
घायल दिलीप वर्मा को इलाज के लिए देवरिया स्थित महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। बेहतर इलाज के लिए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर बिहार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।











