देवरिया में लोहे के दरवाजे में उतरा करंट: चार मासूम खेलते समय आए चपेट में, एक की मौत

देवरिया में मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां लोहे के दरवाजे में करंट उतरने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। वह गांव के तीन बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चे लोहे के दरवाजे के संपर्क में आ गए। करंट लगने से एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि तीन बच्चे झुलस गए। इलाज के लिए उनको अस्पताल भेजा गया।
बलिया दक्षिण गांव निवासी हंसराज राजभर का बेटा कार्तिकेय, नित्या, शिवम और गुलाबशा के साथ खेल रहा था। बच्चे शहाबुद्दीन उर्फ नन्हें के घर के दरवाजे के पास पहुंचे। खेलते समय बच्चों ने लोहे का दरवाजा पकड़ लिया। बताया गया कि बिजली का तार कटा होने के कारण दरवाजे में करंट उतर गया था।करंट लगते ही कार्तिकेय जमीन पर गिर पड़ा। नित्या, शिवम और गुलाबशा को भी झटका लगा। बच्चों की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सभी बच्चों को वहां से हटाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
कार्तिकेय और नित्या को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने कार्तिकेय को मृत घोषित कर दिया। नित्या का इलाज किया गया। इसके बाद उसे घर भेज दिया गया। अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं। परिजनों के मुताबिक, कार्तिकेय मिलनसार था और जल्दी लोगों से घुल-मिल जाता था। उसके पिता हंसराज हैदराबाद में मजदूरी करते हैं। कार्तिकेय के अलावा परिवार में एक साल का बेटा कृष्णा भी है। उसकी मौत से परिवार के साथ गांव में भी मातम पसरा है।
परिवार में मचा कोहराम
कार्तिकेय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां संगीता देवी अपने एक वर्षीय बेटे कृष्णा को गोद में लेकर रोती रहीं। परिजनों और रिश्तेदारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घर पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया।
मकान मालिक से पूछताछ कर रही पुलिस
हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष विकास नाथ और चौकी प्रभारी अजय कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मकान मालिक शहाबुद्दीन उर्फ नन्हें के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।











