देवरिया में नाबालिग से रेप का आरोपी गिरफ्तार: घर से बहाने से ले जाने का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 10 वर्षीय बालिका से रेप के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रुद्रपुर क्षेत्र निवासी रवि किशन के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार सुबह करीब सात बजे उसे गोनाह सूरतपुरा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। मामले में बालिका की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
बालिका की मां ने 11 सितंबर को रुद्रपुर कोतवाली में शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया कि घटना के दिन उनकी बेटी घर के बाहर थी। इसी दौरान रवि किशन बहाने से उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद उसने बालिका के साथ रेप किया। साथ ही घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचने के बाद बालिका ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूरतपुरा मोड़ के पास से पकड़ा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार को टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गोनाह सूरतपुरा मोड़ के पास से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने बालिका को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।











