कानपुर में ट्यूबवेल पर युवक की हत्या: घटनास्थल से शराब की बोतल और गिलास बरामद, पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

कानपुर|1 घंटा पहले
घटनास्थल से शराब की बोतल और गिलास बरामद, पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

महराजपुर थाना क्षेत्र में एक किसान की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह रात में खेत की रखवाली के लिए ट्यूबवेल पर गया था। सुबह करीब 4:30 बजे खेत में काम करने के लिए पहुंचे लोगों ने खून से लथपथ लाश देखी। पास जाकर देखा तो गांव का ही हरिमोहन सिंह यादव था। उसके बाद लोगों ने उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन खेत में पहुंचे। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतलें और गिलास पड़े मिले हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि रात में कुछ लोगों के साथ मिलकर पार्टी हुई हैं। उसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के गले और हाथ में गहरे घाव मिले हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेना चाहा तो परिजन विवाद करने लगे। उन्होंने शव को पुलिस को देने से इनकार कर दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। परिजनों को समझाने केे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

चारों भाइयों में बड़ा था युवक

हाथीगांव के रहने वाले हरिमोहन सिंह यादव (45) पुत्र भगवंत सिंह यादव पेशे से किसान था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उनके परिवार में मां पुष्पा देवी और भाई भगवान सिंह, जगनायक सिंह, अनिल यादव शामिल हैं। वह कानपुर शहर के श्याम नगर में रहने वाले अनिल सिंह के खेतों की रखवाली करता था। इसलिए रोजाना रात को अपने घर से 400 मीटर दूर अनिल सिंह के ट्यूबवेल पर ही सोता था।

खेत की रखवाली के लिए ट्यूबवेल पर सोता था

परिवार के मुताबिक वह रोजना रात का खाना खाकर सोने के लिए ट्यूबवेल पर जाता था। कल रात उसने घर पर खाना नहीं खाया था। परिजनों ने बताया, रात करीब 10 बजे हरिमोहन के छोटे भाई की पत्नी प्रियंका ने उसे खाना खाने के लिए फोन किया था। हरिमोहन ने तब बताया था कि वह खाना खा चुका हैं और ट्यूबवेल पर ही सो जायेगा, इसलिए घर नहीं आयेगा। इसके बाद सुबह उसका शव बरामद हुआ।

घटनास्थल पर खाली ग्लास और शराब की बोतल बरामद

पुलिस को गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे घटना की सूचना मिली। खेत में मक्के की फसल को देखने गए बजरंग पासवान ने ट्यूबेल के पास खून देखकर ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर ट्यूबवेल के आसपास 15 से 20 खाली गिलास, दो अंग्रेजी शराब की बोतलें और एक देशी शराब की बोतल पड़ी मिली। आशंका है कि पार्टी करने के बाद उसकी हत्या कर दी गयी।

परिजनों ने पुलिस पर लगाया जल्दबाजी का आरोप

मामले में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पुलिस फोरेंसिक टीम के पहुंचने से पहले शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी। परिजनों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस पर जल्दबाजी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बिना वैज्ञानिक जांच के शव हटाने से महत्वपूर्ण साक्ष्य नष्ट हो सकते हैं। कुछ देर तक पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में अधिकारियों के समझाने पर शव को दोबारा घटनास्थल पर रखा गया, जिसके बाद फोरेंसिक टीम ने विस्तृत निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप

मृतक के भतीजे ने गांव के ही तीन युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि मृतक ने रात में फोन पर बताया था कि ट्यूबवेल पर पार्टी चल रही है और वह घर नहीं आयेगा। इसी आधार पर परिजनों ने पुलिस को तीन संदिग्धों के नाम बताए हैं। पुलिस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही है सभी एंगलों की जांच

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन पुलिस सभी संभावित एंगल पर काम कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।